अंशू कुमार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अंशू कुमार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 21 मई 2025

संतोष सिंह


1. यादों का कोई विकल्प होता 



मैंने इस शहर में 
कई घर बदले     
घर के साथ 
मोहल्ले, गलियाँ 
घर की दीवारों के 
रंग भी बदले
इसी उम्मीद के साथ 
काश! तुम्हारी याद का 
कोई विकल्प तो होता

बिना तुम्हारी याद के 
कोई तो घर होता
बाद में समझ आया 
यादों का जगह से 
कमरे से, दीवारों से,
गलियों से, रास्तों से 
कोई वास्ता नहीं 

शायद नया जन्म लेना होगा 
तुम्हें भुलाने के लिए 
याद को मिटाने के लिए।

____________________________________


2. बचपन का एक रहस्य 



बचपन का एक रहस्य 
जो आज भी तिलिस्म बना 
मेरे साथ-साथ रहता है,
बचपन में जब कभी कहीं जाना होता था 
बाबूजी जल्दी-जल्दी कदम बढ़ाकर 
हम भाई-बहनों का हाथ पकड़कर 
अम्मा से आगे ही चलते थे 
और अगर चलकर दूर निकल आते 
तो रुककर अम्मा का इंतज़ार करते 
अम्मा धीरे-धीरे, पीछे-पीछे 
चलकर आ जाया करती 

बाबूजी और अम्मा के चलने के बीच 
फ़ासला यूँ ही बरक़रार रहता था
मैं अक्सर सोचता हूँ 
दूर-दूर क्यों चलते थे 
जिन्होंने साथ-साथ
कई पड़ाव पार किए 
कई मुश्किलों को झेला 
मगर दूर चलने का रहस्य 
अनसुलझा ही रहा

अम्मा के जल्दी-जल्दी न आ 
पाने पे बाबूजी झल्लाते 
मगर फिर भी इंतज़ार कर 
फिर आगे चल पड़ते 
यह शायद समाज का दबाव था 
या रूढ़ियों का बहाव था 
जैसी प्रथा चली आ रही है 
वही प्रथा निभा रहे थे 
साथ न चलते हुए भी 
कितने पास थे

आज की पीढ़ी साथ 
तो चल रही है 
मगर दूरी के साथ 
मन की दूरी 
जो उस साथ न चलने वाली 
दूरी से कहीं दूर है

आज का मन 
पार नहीं कर पाता
नज़दीकियों के बीच
लगातार फैलती दूरियों को।

____________________________________


3.चिड़िया कहाँ से आती हो तुम 



चिड़िया कहाँ से आती हो तुम
थोड़ा-सा जल, थोड़ा-सा अनाज
इन सबसे पेट 
भर जाता है तुम्हारा!

दिन भर चहकती-बहकती 
हर जगह जाती हो, रुकती भी नहीं, 
सुस्ताती भी नहीं 
और न जाने कितनों का मन 
तुम साथ ले जाती हो 
अपने नन्हें पंखों पर रखकर 
सब कुछ थोड़ा-थोड़ा जरूरत के 
हिसाब से करना कैसे सुहाता है?
हम इंसानों को यही समझ नहीं आता है।

____________________________________


4. हाँ! मैं औरत की कमाई खाता हूँ 



हाँ! मैं औरत की कमाई खाता हूँ
सहेज कर रखती है 
वो अपनी कमाई 
दुख के दिनों के लिए 
जब कभी मेरे हाथ 
घर की जिम्मेदारियों के 
बोझ से दबने लगते हैं 
उस हाथ पर रख देती है 
अपनी कमाई 
हाथ को दबने से बचा ले जाती है 
बार-बार, हर बार 
मैं अपने आप को संभाल पाता 
हूँ 
हाँ मैं औरत की कमाई खाता हूँ!
इसमें बुराई है ?
जीवन की यह भी सच्चाई है। 

____________________________________


5. इस बार जब तुम आना 



इस बार जब तुम आना 
खुद को साथ ले आना 
हर बार जब आते हो 
हज़ारों काम साथ लाते हो 
बॉस के फ़ोन, दुनिया भर के झमेले 
कितना कुछ कर लेते हो अकेले 
इस बार जब आना 
अपना फ़ोन साथ मत लाना 
अपने दिल की बात लिखकर, एक ख़त लाना 

मानती हूँ तुम्हें सफलता पानी है 
ज़िंदगानी अच्छी बनानी है 
तुम्हें फ़र्ज़ निभाना है 
दुनिया को कुछ करके दिखाना है 

तुम्हें थोड़ा आभास होना चाहिए 
प्रेम के थोड़ा पास होना चाहिए 
मैं नहीं माँगती आकाशदीप का किरदार तुमसे 
नहीं चाहती बुद्धगुप्त का प्यार तुमसे 
मैं कुछ वक़्त साथ बिताना चाहती हूँ 
तुम्हें कुछ बातें बताना चाहती हूँ 

लक्ष्य के पहाड़ चढ़ते-चढ़ते जाने कितने,
पनपते दूब पैरों तले कुचले गए 
मन के धागे आपस में बँधने से पहले ही टूट रहे हैं 
इसलिए कम वक़्त ही सही 
पूरा वक़्त लेकर आना 

इस बार जब तुम आना 
खुद को साथ ले आना 

____________________________________

संतोष सिंह















युवा कवि एवं ग़ज़लकार संतोष सिंह जी का जन्म 3 नवंबर को ठाणे (मुंबई)में हुआ। एमबीए / एम.ए (हिंदी) /अब वे  हिंदी साहित्य में पीएच.डी कर रहे हैं। साथ ही एक प्राइवेट कार कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। साहित्य में गहरी रुचि होने के कारण लगभग एक दशक से हिंदी साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय हैं। सोशल मीडिया पर इनके कई शे'र प्रसिद्ध हुए हैं। प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक सुदीप बनर्जी ने इनकी ग़ज़ल 'खुशरंग' को अपनी आवाज़ से नवाज़ा है। इन्हें 'महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी' द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। संतोष जी ने 'शब्द फाउंडेशन' तथा 'हिंदी ग़ज़ल फाउंडेशन' जैसे कई साहित्यिक मंचों की नींव रखी। 
ईमेल: Santushssing@gmail.com




बुधवार, 14 मई 2025

अंशू कुमार


1.एक स्त्री का बेफिक्र हो जाना


आसान नहीं है एक स्त्री का
बेफ़िक्र हो जाना
क्योंकि उसके बेफ़िक्र हो जाने से
उबलकर गिर जाता है दूध रसोई में

बेफ़िक्री, आलस, आदत ये सब
तुम्हारे हिस्से रखा गया है
चयन, विकल्प और पसंद
तुम्हारे स्वभाव के परिचायक माने गए

बहस, कूटनीति और राजनीति
तुम्हारे मज़बूत हिस्से में रखा गया

फिर बचा क्या
बँटवारे में इतनी गड़बड़ी क्यों?
आख़िर बँटवारा हुआ क्यों?
मुझे पहले पहल बँटवारे से डर लगता,
अपनों को खोने से डर लगता,
युद्ध भला किसे पसंद है,
लेकिन हमारी पसंद का करना क्या है

बात जब समझ आई तो लगा
अभी तो युगों का युद्ध बाक़ी है
हिसाब-किताब बाक़ी है
ज़िंदगी जीना बाक़ी है
मेरा-तुम्हारा एक होना बाक़ी है।

____________________________________


2. सहेली



हमने सिर्फ़ ख़ुशियाँ बाँटी
दुःख को रहने दिया
वह बड़ा था, अनंत भी...!

हमने साथ हँसना सीखा
रोना एकांत में रोया
आँसू तह तक था
साथ बहता तो बहता रह जाता

हमने साथ अल्हड़ताओं को जिया
दोनो को पता था कि एक दिन
हमें लौटना होगा
किसी न किसी के घर
और वहाँ
कोई माफ़ नहीं करेगा
कोई साथ नहीं देगा
कोई हमें 'हम' नहीं होने देगा…!

____________________________________


3.प्रेम में ठगी गई औरतें



औरतें सबसे ज़्यादा
ठगी गईं प्रेम में
प्रेम पाने के लालच में
हर बार करती रहीं प्रेम
लेकिन प्रेम में मिले
सबसे ज़्यादा ठग और ठेकेदार
जबकि औरतों को करना था
सबसे पहले ख़ुद से प्रेम
और बदलनी थीं
प्रेम-कहानियाँ और प्रेम-कविताएँ भी

रचनी थी प्रेम की नई परिभाषाएँ
गढ़ने थे नए मायने
जिसमें औरतें नाच रही हों
ख़ुद के लिए
गा रही हों
ख़ुद के लिए
सँवर रही हों
ख़ुद के लिए
लड़ रही हों
ख़ुद के लिए
सबसे पहले
सबसे ज़्यादा
ताकि प्रेम-ठगों को
बता पाएँ उनकी सज़ा
और यह भी कि तुम मामूली इंसान के
दायरे से भी बाहर हो!
क्योंकि जब तुम्हें
सबसे ज़्यादा निर्दोष होना था
तुम निकले सबसे ज़्यादा फ़रेबी
जब तुम्हें भाव को समझना था
तुमने की लफ़्फ़ाज़ी
और जब तुम्हें साथ खड़े रहना था
तुम दूर-दूर तक नहीं थे...

ठग को बताना इसलिए भी ज़रूरी है
ताकि वह प्रेम को समझ सके
औरत को समझ सके
ख़ुद को जान सके
ठग को कठघरे में खड़ा करना ज़रूरी है
ताकि चौराहे पर चौड़ाई लेते वक़्त
उसे आभास हो अपने ईमान के बौनेपन का
ताकि औरत को प्रेम करने और
उसके साथ खड़े होने के बीच के
अंतर को वह जान सके
और पितृसत्ता की फूहड़ दलील में
अपनी रुग्ण होती काया को टटोल सके
और जान सके कि
उसके अंदर अभी भी बचा है :
सदियों से स्त्री के संताप पर
उपहास करता एक पुरुष।

____________________________________


4. वक्त



कलाई पर लगी घड़ी,
सबका वक़्त कहाँ बताती है,
नहीं बताती वह नौकरों और औरतों का वक़्त,
वक़्त सबका नहीं होता—
कुछ लोगों की ज़िंदगी
वक़्त को बनाए रखने के लिए होती है
वक़्त के हिसाब से भागते रहने के लिए,
एक नौकर और एक औरत रात में भी ख़ाली नहीं सोते,
अगले सुबह के समय को
पकड़ने की तैयारी में सोते हैं
दुपहरी मे चढ़ती धूप के ताप से,
चंद सेकेंड सुस्ताने की फ़िराक़ में,
मुर्ग़े की बाँग के साथ शुरू होती है
उनकी सुबह
मज़दूर मंडी मे काम बँटने से पहले
मालिको के उठने से पहले
आँगन में धूप निकलने से पहले
चूल्हे पर खाना बना लेने तक की होड़ में
तय होता है सुबह का उठना

'वक़्त' सबका वक़्त नहीं बताता
घड़ी ग़रीबों, नौकरों, और औरतों की
कलाई पर बाँधी जाती रही
ताकि मालिकों को वक़्त पर
सब कुछ मिलता रहे
माँ ने कहा था वक़्त सबका आता है
और वह हमेशा के लिए चली गई
उसका वक़्त ठहर गया
लेकिन आया नहीं
माज़ी और मुस्तक़बिल के बीच
फँसा जो मौजूदा मैं हूँ
वह मैं होकर भी मैं नहीं हूँ
क्योंकि वक़्त से मेरी लड़ाई हो रखी है
और तुम—क्या तुमने देखा है
ऐसे किसी एक ग़रीब और औरत को?
अगर नहीं देखा तो यक़ीन करो मेरे दोस्त
तुमने घडी वक़्त और ज़िंदगी नहीं देखी!

____________________________________



5. हमारे-तुम्हारे बीच की धरती



हमारे-तुम्हारे बीच की धरती
फैलती जा रही है!

ख़ैर ……
धरती चाहे जितनी फैले,
प्रेम से ज़्यादा नहीं फैल सकती।

____________________________________

अंशू कुमार










अंशू कुमार का जन्म 1990 में बिहार के बेगूसराय में हुआ। इन्होंने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय से एम.फिल और पीएच.डी की उपाधि प्राप्त की । कई समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और डिजिटल पटल पर इनकी कविताएँ और लेख निरंतर प्रकाशित होते रहें हैं।

लोकप्रिय पोस्ट