बुधवार, 5 फ़रवरी 2025

जसवीर त्यागी

1. गेहूँ


गेहूँ से भरी बैलगाड़ी
मंडी जा रही है

रास्ते में
गेहूँ के कुछ दाने
धरती पर गिर गये हैं

बैलगाड़ी में भरे दानें
भावुक हो रहे हैं

धरा पर छूट गए दानों को देखकर
बिछुड़न की पीड़ा में भीग रहे हैं

मिट्टी दानों की माँ है
और बाज़ार साहूकार

दुनिया में कौन है?
जो अपनी माँ से बिछुड़कर
साहूकार की शरण जाना चाहेगा।
_____________________________________

2. कारागार 


घर में कोई सामान रखकर भूल जाता हूँ
खोजने पर भी
जब नहीं मिलता
तब पत्नी से पूछता हूँ

वह अपनी जादुई निगाहों से
सामान को प्रकट कर देती है
मेरे चेहरे की खुशी
उस समय देखते ही बनती है

पढ़ते-पढ़ते कोई प्रसंग याद आता है
उससे जुड़ी कोई पुस्तक
या रचनाकार को याद करता हूँ

बार-बार के याद करने पर भी
स्मृति को हाथ से छूटी हुई बाल्टी की तरह
कुँए में गिरते हुए देखता हूँ

तब बिटिया झट से उस पुस्तक या लेखक को
सामने लाकर खड़ा कर देती है
मैं बुझे हुए चिराग-सा 
रोशनी से जगमगा उठता हूँ

स्त्रियाँ न हो जीवन में
तो यह दुनिया
किसी कारागार से कतई कम नहीं लगती।
_____________________________________
   

 3. रंग


मेरे घर की खिड़की से
एक हरा पेड़
और नीला आसमान दिखता है

हरा और नीला रंग
मेरे रक्त के लाल रंग को
दुरुस्त रखते हैं।
_____________________________________
     

4. नयन


जाड़ा आने पर 
माँ आँगन में 
एक खाट पर बैठ जाती है 

प्रातः की सुनहरी धूप 
माँ के चेहरे पर विराजती है 

उस समय 
माँ व धूप को देखना
आत्मीय लगता है 

जिंदगी के दो नयन हैं 
माँ और धूप

जिनसे मैं
इस जगत को देखता हूँ।
_____________________________________

5. रोटी की सुगंध 


सड़क किनारे पटरी पर, दो स्त्री- पुरुष
रेहड़ी पर रोटी सब्जी बना रहे हैं 

स्त्री के छोटे-छोटे हिम्मती हुनरमंद हाथ 
तेज गति से गोलाकार रोटियाँ बेल रहे हैं 
पुरुष खाली थालियों को भरने में मगन हैं

तवे पर सिकती रोटियों की गंध 
हवा में घुल रही है धीरे-धीरे 
जैसे धीरे-धीरे सब्जी में घुलता है नमक 

रोटी की गंध 
संसार की प्रिय गंधों में सबसे ऊपर है 

चम्मच,कटोरी,थाली और चिमटे की आवाज़ 
भूखे आदमी को 
भोज का आमंत्रण दे रही है 

रेहड़ी के इर्द-गिर्द 
चाव से भोजन कर रहे हैं मेहनत कश-मजदूर 
भोजन करता हुआ आदमी 
हर भाषा में श्रेष्ठ कविता है 

रोटियाँ सेंकती स्त्री और भोजन करते लोग 
दूर से ही चमकते हैं 
ज्यों चमकती है चूल्हे में आग।
_____________________________________
 

6. लेखन-प्रक्रिया 

लेखक 
जब लिख नहीं रहे होते 

तब भी 
लेखन-प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं 

जैसे खाली पड़े खेत 
तैयार करते हैं खुद को 
अगली फसल के लिए 

_____________________________________

जसवीर त्यागी 







                               



जसवीर त्यागी जी दिल्ली विश्वविद्यालय के राजधानी कॉलेज में प्रोफ़ेसर हैं। वे निरंतर हिंदी साहित्य में लेखन कार्य करते रहे हैं। साप्ताहिक हिंदुस्तान, पहल, समकालीन भारतीय साहित्य, नया पथ, आजकल, कादंबिनी, जनसत्ता, हिंदुस्तान, राष्ट्रीय सहारा, वसुधा, इंद्रप्रस्थ भारती, नई दुनिया, नया जमाना, दैनिक ट्रिब्यून आदि पत्र-पत्रिकाओं में इनके लेख व कविताएँ प्रकाशित होती रही हैं।'अभी भी दुनिया में'(काव्य संग्रह), कुछ कविताओं का अँग्रेज़ी, गुजराती, पंजाबी तेलुगू, मराठी, नेपाली भाषा में अनुवाद, 'सचेतक और डॉ. रामविलास शर्मा' (तीन खंड- संकलन संपादन), रामविलास शर्मा के पत्र, रामविलास शर्मा के पारिवारिक पत्र (संकलन- संपादन) आदि पुस्तकें अस्तित्व में आ चुकी हैं। त्यागी जी हिंदी अकादमी दिल्ली के नवोदय लेखन पुरस्कार से भी सम्मानित हैं।
ईमेल: drjasvirtyagi@gmail.com

           

लोकप्रिय पोस्ट